कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर बेहोश किए बुजुर्ग! लक्सर में 120 किलो पीतल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 3 शातिर दबोचे

कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर बेहोश किए बुजुर्ग! लक्सर में 120 किलो पीतल चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 3 शातिर दबोचे

उत्तराखंड की लक्सर कोतवाली पुलिस ने गोदाम में नशीला पेय पिलाकर चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है।

पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 25 किलोग्राम पीतल, 1,500 रुपये नकद और चोरी का माल बेचकर जुटाई गई रकम से खरीदी गई एक बाइक बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों के बाद गठित पुलिस टीम ने मुखबिर और तकनीकी सर्विलांस की मदद से इस पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया।

कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ, फिर साफ किया गोदाम

यह खौफनाक वारदात 25 अगस्त को सामने आई थी, जब धमरौला निवासी अशोक कुमार ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अशोक कुमार ने बताया कि चरखी गोदाम में अज्ञात लोग पहुंचे और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें और उनके साथी मिस्त्री को नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। कोल्ड ड्रिंक पीते ही दोनों अचेत होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने बेखौफ होकर गोदाम की अलमारी से चाबियां निकालीं और लगभग 120 किलोग्राम पीतल के पाइप और टुकड़े तीन कट्टों में भरे। इतना ही नहीं, बदमाश पीड़ित अशोक कुमार की मोटरसाइकिल पर माल लादकर मौके से फरार हो गए।

रेकी कर दिया वारदात को अंजाम, गन्ने के खेत में छिपाया माल

पुलिस जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन कुल चार बदमाश गोदाम पहुंचे थे। वारदात के वक्त दो आरोपी बाहर खड़े होकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रेकी कर रहे थे, जबकि एक अंदर गया और उसने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने का जाल बिछाया। चोरी की वारदात को सफलतापूर्वक अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीतल के कुछ हिस्से को 25 हजार रुपये में बेच दिया और उन पैसों में से 22 हजार रुपये खर्च करके एक नई बाइक खरीद ली। पुलिस को चकमा देने के लिए बाकी बचा चोरी का पीतल उन्होंने एक सीमेंट फैक्ट्री के पास घने गन्ने के खेत में छिपाकर रख दिया था।

बागपत, मुजफ्फरनगर और पानीपत से जुड़े हैं आरोपियों के तार

पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों और जिलों से ताल्लुक रखते हैं, जो संगठित रूप से अपराध करते थे। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विनीत (19 वर्ष) निवासी बागपत (उत्तर प्रदेश), टिंकू उर्फ कृष्ण (28 वर्ष) निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) और रविन्द्र (26 वर्ष) निवासी पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस टीम अब पीड़ित की चोरी हुई मूल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वारदात में शामिल चौथे फरार साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।