उत्तराखंड चुनाव 2027: कुमाऊं में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, 300 से ज्यादा अफसरों-कर्मियों के होंगे तबादले
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आयोग के स्पष्ट आदेश हैं कि गृह जनपद में तैनात या किसी जिले में लगातार तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत हटाया जाएगा। इस निर्देश के बाद सभी सरकारी विभागों ने जिला स्तर पर तबादला सूचियां तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो अकेले कुमाऊं मंडल से 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी इस दायरे में आ रहे हैं, जिन्हें नवंबर महीने में अन्य जिलों में स्थानांतरित किया जाना तय माना जा रहा है।
हल्द्वानी नगर आयुक्त, एसपी क्राइम और एसडीएम के नाम चर्चा में
निर्वाचन आयोग के मानकों के चलते कुमाऊं के कई प्रमुख प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की कुर्सी बदलना तय है। इनमें हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नैनीताल जिले के एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा और लालकुआं की एसडीएम रेखा कोहली का नाम सबसे आगे है। इसके अलावा परिवहन विभाग में कुमाऊं संभाग के एक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) समेत करीब 29 परिवहन कर अधिकारी और उपनिरीक्षक लंबे समय से एक ही जिले में टिके हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि चंपावत में एक परिवहन उपनिरीक्षक बीते 15 वर्षों से एक ही जगह जमे हुए हैं, जिन्हें अब आयोग के डंडे के बाद हटना पड़ेगा।
पुलिस और आबकारी महकमे में सबसे बड़ा फेरबदल
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक उपनिरीक्षक (एसआई) स्तर तक के उन सभी कर्मियों को हटाया जाना अनिवार्य है, जिन्होंने एक जिले में तीन साल पूरे कर लिए हैं। इसके चलते अकेले पुलिस विभाग में भारी उथल-पुथल देखने को मिलेगी। कुमाऊं मंडल में 250 से ज्यादा दारोगा ऐसे हैं जिनका तबादला होना तय है। इसके साथ ही करीब 25 कोतवालों को इधर से उधर किया जाएगा, जिनमें ऊधमसिंह नगर से 10 और नैनीताल जिले से 4 कोतवाल शामिल हैं। आबकारी विभाग भी इस फेरबदल से अछूता नहीं रहेगा; अल्मोड़ा के जिला आबकारी अधिकारी और मंडल के 13 आबकारी निरीक्षकों के ट्रांसफर की तैयारी चल रही है। सभी विभागों से फाइनल डाटा जुटाकर शासन को भेजा जा रहा है, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी होंगे।