img

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (एमएस धोनी) का जन्म आज ही के दिन 1981 में हुआ था। भारत को तीन आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले धोनी आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 में वनडे विश्व कप और फिर 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती। झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने भारत के लिए अपना पहला मैच 2004 में खेला था। मगर क्या आप जानते हैं कि धोनी के बारे में सबसे पहले BCCI को किसने बताया था? आज हम आपको उस शख्स के बारे में बता रहे हैं।

कौन है ये क्रिकेटर?

प्रकाश पोद्दार ही वो शख्स थे जिन्होंने धोनी की प्रतिभा को पहचाना और BCCI को उनका नाम सुझाया। बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले प्रकाश पोद्दार को 2003 में जमशेदपुर भेजा गया था। उस वक्त क्रिकेर बोर्ड ने टैलेंट स्काउट की शुरुआत की। पोद्दार इसका हिस्सा थे।

धोनी को खेलते हुए देखने के बाद पोद्दार ने नेशनल क्रिकेट अकादमी के लिए धोनी के नाम की सिफारिश की। उन्होंने धोनी के बारे में लिखा- गेंद के अच्छे स्ट्राइकर हैं, उनमें काफी ताकत है मगर विकेटकीपिंग पर काम करने की जरूरत है। तकनीकी रूप से बहुत अच्छा नहीं मगर विकेटों के बीच दौड़ने में बहुत तेज़ है।

प्रकाश पोद्दार ने अपने पहले प्रथम श्रेणी मैच में शतक बनाया। 29 दिसंबर 2022 को उनका निधन हो गया। उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला मगर उन्होंने अपने राज्य के लिए 74 प्रथम श्रेणी और एक लिस्ट ए मैच खेला।

धोनी सिर्फ 35 रन ही बना सके

जिस मैच को प्रकाश पोद्दार देखने आए थे, उस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने सिर्फ 35 रन बनाए थे। मगर उनके टाइट शॉर्ट्स ने भीड़ का ध्यान खींचा। एक इंटरव्यू में पोद्दार ने कहा था, 'उन्होंने 35 रन बनाए मगर उस उम्र में वह क्या शॉट लगा रहे थे। उसके पास ताकत थी और मैंने सोचा कि अगर हम उसे अच्छी तरह मार्गदर्शन करें तो वह एक अच्छा वनडे क्रिकेटर बन सकता है।'

 

--Advertisement--