img

Who is Sharda Sinha: बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा इस समय दिल्ली के एम्स अस्पताल के ICU में एडमिट हैं। उनके प्रशंसकों के लिए ये एक बुरी खबर है, क्योंकि उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, वो पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रही थीं, और उनके पति ब्रजकिशोर सिन्हा के निधन के बाद से वह गहरे गम में हैं।

शारदा सिन्हा, जिन्होंने बॉलीवुड फिल्म "हम आपके हैं कौन" में 'बाबुल जो तुमने सिखाया' गाना गाया है, बिहार की एक प्रमुख हस्ती हैं। उन्होंने छठ पूजा और आस्था के पर्वों पर कई प्रसिद्ध गाने गाए हैं। हाल ही में, उन्हें खाने-पीने में कठिनाई होने की शिकायत थी। हालांकि, एम्स की तरफ से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उनके फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और महामृत्युंजय जाप एवं विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

शारदा सिन्हा के पति, बृजकिशोर सिन्हा का निधन 22 सितंबर को हुआ था। वो 80 वर्ष के थे और ब्रेन हेमरेज के कारण उनका निधन हुआ। उनकी शादी को 54 वर्ष हो चुके थे, और पति के निधन के बाद शारदा गहरे ग़म में डूब गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में अपने पति को याद करते हुए लिखा, "सिन्हा साहब, मैं आपको बहुत याद करती हूं। मेरी सारी बलईयां ले कर आप ही क्यों चले गए?"

बता दें कि शारदा ने बॉलीवुड के कई मशहूर गाने गाए हैं, जिनमें सलमान खान की ‘मैंने प्यार किया’ में ‘कहे तो से सजना’, सलमान और माधुरी दीक्षित की ‘हम आपके हैं कौन’ में ‘बाबुल’ और अनुराग कश्यप की ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ का ‘तार बिजली से पतले’ गाना शामिल है।

--Advertisement--