महिला किसानों ने प्रियंका को खिलाये पराठे, कांग्रेस महासचिव बोलीं-‘भाई बोलता है मोटी हो रही हो’

img

बाराबंकी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान वह रास्ते में पड़ने वाले तमरसेपुर गांव में धान के खेतों में काम कर रही महिलाओं के पास गईं और उनका हालचाल पूछा। बातचीत के बीच जब एक महिला किसान ने उन्हें अपने हाथों से आलू का पराठा खिलाया तो पहले तो उन्होंने मना कर दिया और बोलीं, ‘मेरे भाई ने मुझसे कहा है कि कम खाया करो, मोटी हो रही हो।’ लेकिन महिला किसान कहां मानने वाली थीं। उन्होंने प्रियंका को पराठा खिला ही दिया। महिलाओं से बातचीत के साथ ही उन्होंने उनके खेत में पैरा भी डाला।

priynka gandhi

इस बीच एक बुजुर्ग महिला ने उनके कैमरामैन का माइक ले लिया। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा अब समय बदल गया है, महिलाएं माइक भी संभालेंगी और सत्ता भी संभालेंगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं महिलाओं से उनकी परिस्थितियों को समझना चाहती थी। ये जानना चाहती थी कि वे अपनी बेटियों की परवरिश कैसे कर रही हैं। वे उन्हें शिक्षित करने में सक्षम हैं।

गौरतलब है कि प्रियंका ने महिला किसानों को बताया कि कांग्रेस पार्टी इस बार के यूपी के विधान सभा चुनाव में 40 फीसदी उम्मीदवारों को टिकट दे रही हैं ताकि महिलाएं राजनीति में आएं और आगे बढ़ें। इसके बाद उन्होंने जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के हरख से हरी झंडी दिखाकर प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत की। प्रियंका गांधी ने भीड़ को देखते हुए यहां से चुनावी घोषणा करके लोगों को लुभाने का पूरा प्रयास किया। उन्होंने वादा किया कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर ग्रेजुएट लड़कियों को स्कूटी दी जाएगी तो इंटर पास लड़कियों को मोबाइल फोन दिया जाएगा।

Related News