फ्लाइट में को-पायलट की खूनी साजिश, 'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाते हुए कैप्टन पर किया हमला
दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट संख्या FZ1073 में जो हुआ, उसने पूरी दुनिया की रूह कंपा दी है। हवा में उड़ रहे इस कमर्शियल विमान के कॉकपिट के भीतर अचानक ऐसा खूनी संघर्ष शुरू हुआ, जिसने विमान में सवार 170 से अधिक यात्रियों की सांसें रोक दीं। यात्रियों ने इस भयावह अनुभव को याद करते हुए बताया कि कैसे मौत उनके बिल्कुल सामने खड़ी थी। यात्रा के दौरान अचानक विमान के भीतर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं और देखते ही देखते आसमान में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान फ्लाइट के भीतर का माहौल इतना डरावना था कि यात्रियों ने अपने आखिरी पलों को मानकर अपनी धार्मिक प्रार्थनाएं शुरू कर दी थीं।
'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाया को-पायलट और कैप्टन पर झपटा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना तब घटी जब विमान इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहा था। विमान का को-पायलट, जो कि ओमान का नागरिक बताया जा रहा है, अचानक अपनी सीट से उठा और 'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाते हुए भारतीय मूल के फ्लाइट कैप्टन स्मित मच्छार की तरफ दौड़ पड़ा। को-पायलट के हाथ में अचानक एक धारदार चाकू था, जिससे उसने कैप्टन स्मित मच्छार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से कॉकपिट में खून फैल गया और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने अपनी सूझबूझ नहीं खोई। को-पायलट विमान को सीधे नीचे जमीन पर क्रैश कराने की खतरनाक मंशा से कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रहा था, जिससे विमान हजारों फीट नीचे गोता लगाने लगा था।
यात्रियों की बहादुरी से टला बड़ा विमान हादसा
जैसे ही कॉकपिट से संघर्ष और चीखने की आवाजें बाहर आईं, विमान में बैठे यात्रियों और क्रू मेंबरों ने बिना एक पल गंवाए अदम्य साहस का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने जैसे-तैसे कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद इजरायली यात्रियों और अन्य लोगों का समूह तुरंत अंदर की तरफ दौड़ा। यात्रियों ने मिलकर उस हमलावर को दबोच लिया और विमान के फर्श पर पटककर मजबूती से बांध दिया। इस बीच विमान तेजी से नीचे की ओर गोता लगा रहा था, लेकिन समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया। इस खतरनाक स्थिति कोभांपते हुए विमान को तुरंत सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट किया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस बड़ी साजिश के खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है और घायल पायलट तथा आरोपी को-पायलट का अस्पताल में इलाज चल रहा है।