मंच पर दहाड़ रहे थे नेता, तभी अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट; मची भगदड़

मंच पर दहाड़ रहे थे नेता, तभी अचानक हुआ जोरदार ब्लास्ट; मची भगदड़

पड़ोसी देश बांग्लादेश की राजधानी ढाका से सटे सावर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और डराने वाली खबर सामने आई है। यहां सोमवार रात राष्ट्रीय नागरिक पार्टी (एनसीपी) की एक बड़ी राजनीतिक रैली के दौरान अचानक एक जोरदार बम धमाका हो गया। यह ब्लास्ट ठीक उस वक्त हुआ जब पार्टी का एक शीर्ष नेता मंच पर खड़े होकर भारी संख्या में मौजूद समर्थकों को संबोधित कर रहा था।

धमाका होते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरी रैली में दहशत फैल गई। इस अप्रत्याशित हमले में कम से कम तीन कार्यकर्ताओं के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है।

कैमरे में कैद खौफनाक मंजर: भाषण के बीच अचानक फटा बम

इस पूरी घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एनसीपी नेता जोश के साथ भीड़ को संबोधित कर रहे हैं, तभी अचानक मंच के ठीक पास जमा लोगों के बीच एक तेज रोशनी के साथ जोरदार धमाका होता है। धमाके की आवाज सुनते ही मंच पर खड़े नेता और नीचे मौजूद जनता अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगती है। इस खौफनाक मंजर के बाद पूरे मैदान में कुर्सियां और चप्पलें बिखरी नजर आईं।

छात्र आंदोलन की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित थी रैली, निशाने पर थी एनसीपी

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह रैली बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए छात्र-नेतृत्व वाले ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शनों की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। यह प्रदर्शन उस राजनीतिक अभियान का हिस्सा था जिसने बांग्लादेश के पूरे राजनीतिक परिदृश्य को बदलकर रख दिया था। 

एनसीपी ने सोमवार देर रात एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि आतंकियों ने सावर थाना स्टैंड स्थित ईदगाह मैदान में चल रही रैली को निशाना बनाया। धमाका सोमवार रात करीब 9:45 बजे हुआ जब सभा अपने चरम पर थी।

Latest Posts