शिवपाल सिंह यादव यहां से लड़ेंगे 2019 का लोकसभा चुनाव, अटकलें तेज

img

उत्तर प्रदेश ।। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को फिरोजाबाद पहुंचकर अपने विरोधियों को अपनी ताकत का अहसास कराया। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ एक रोड शो किया जो फिरोजाबाद जिले की सीमा कठफोरी से शुरू होकर टूंडला तक गया।

इस दौरान उनका करीब 50 से ज्यादा स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। रोड शो में उमड़ी भीड़ को देखकर शिवपाल सिंह यादव ने संकेत दिया कि वह 2019 में लोकसभा का चुनाव फिरोजाबाद से भी लड़ सकते हैं।

पढ़िए- शिवपाल के लिए प्रचार करेंगी अपर्णा यादव, मोर्चे में खुशी की लहर

समाजवादी पार्टी में काफी दिनों से हाशिए पर चल रहे शिवपाल यादव सेक्युलर मोर्चा के गठन के बाद जब फिरोजाबाद पहुंचे तो उनके साथ उमड़ी भीड़ का हुजूम देखते ही बन रहा था। उनके इस रोड शो में सैकड़ों गाड़ियां थीं।

हजारों समर्थक उनके साथ चल रहे थे। समाजवादी पार्टी के कई भी नेता शिवपाल सिंह के काफिले में शामिल थे। सपा विधायक हरिओम यादव के बेटे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख मीना राजपूत की मौजूदगी खास तौर पर चर्चा का विषय बनी रही।

अपने स्वागत समारोह में उन्होंने कार्यकार्ताओं से आह्वान किया कि वह गरीबों की लड़ाई लड़ें और मोर्चे को ताकतवर बनाएं। उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन चाहती है, यह भीड़ इसी तरफ इशारा कर रही है। उन्होंने भाजपा की मौजूदा सरकारों पर तो निशाना साधा ही लेकिन वह सपा में मिली उपेक्षा का दर्द नहीं छिपा सके।

उन्होंने कहा कि उनका सपा में काफी अपमान हुआ है, उन्हें अगर सपा में सम्मान मिलता तो सेक्युलर मोर्चा बनाने की नौबत ही नहीं आती। शिवपाल सिंह यादव ने टूंडला में रोड शो का समापन कर एक जनसभा को संबोधित किया।

इस दौरान लोगों ने उनके सामने फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी रखा। इसके जवाब में शिवपाल सिंह ने भी ये संकेत दिए कि अगर उन्हें जनता का प्यार इसी तरह मिला तो वह फिरोजाबाद से भी 2019 में लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।

फोटो- फाइल

Related News