शिवपाल यादव ने बताया, लोकसभा चुनाव में क्यों हारी सपा !

img

मैनपुरी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की हार पर बड़ा बयान दिया है। शिवपाल यादव ने कहा समाजवादी पार्टी अपने कर्मों से चुनाव हारी है। सपा के कर्म अच्छे होते तो चुनाव कभी नहीं हारती। चुनाव हारने की वजह भी सपा के सारे लोग जानते हैं। किसकी वजह से चुनाव सपा हारी यह बताने की जरूरत नहीं है।

प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। नेताजी का पूरा आशीर्वाद उनकी और उनकी पार्टी के ऊपर है। उन्होंने यह भी कहा कि योगी ईमानदार और मेहनती है लेकिन उनके नौकरशाही उनके काबू में नहीं है।

जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव करहल चौराहा पर बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेहनती और ईमानदार हैं। लेकिन अधिकारी और कर्मचारी उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। नौकरशाही भ्रष्टाचार में डूब गई है। सरकार के मंत्री भी भ्रष्टाचार में शामिल हैं। नौकरशाही में सुधार की बड़ी जरूरत है।
मुख्यमंत्री सुधार करें अन्यथा जनता सरकार और नौकरशाही को सुधार देगी। शिवपाल ने कहा कि उनकी पार्टी का सपा से गठबंधन होगा या नहीं इसका फैसला पार्टी के बोर्ड को करना है। फिलहाल पार्टी 2022 का लक्ष्य लेकर संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू करने जा रही है। शिवपाल सिंह यादव ने कुसमरा, कुरावली में भी कार्यक्रमों में भाग लिया।

एक साथ हो लोकसभा और विधानसभा के चुनाव

शिवपाल ने देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराने के सवाल पर कहा कि विधानसभा और लोकसभा का चुनाव एकसाथ होना चाहिए। वे इसके पक्षधर हैं। इससे देश का बड़ा फायदा होगा लेकिन अन्य चुनाव अलग-अलग होने चाहिए। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष बने ओम बिडला को बधाई भी दी।

Related News