img

मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने के भयावह मामले में मणिपुर पुलिस ने एक और व्यक्ति को अरेस्ट किया है। वायरल वीडियो में देखे जा रहे एक दर्जन संदिग्धों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी जारी है।

सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मामले में संलिप्तता को लेकर मुख्य आरोपी वीरेन, हीरो दास मैती सहित चार अन्य को कल तक अरेस्ट कर लिया गया था। अब इसी कड़ी में एक और आरोपी गिरफ्तार किया गया है। इसी बीच पीएचई गांव की महिलाओं ने कल मुख्य आरोपी के घर में आग लगा दी थी।

राज्य के सीएम एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोग महिलाओं का सम्मान करते हैं और उन्हें देवी के समान मानते हैं, मगर जिन उपद्रवियों ने मई में आदिवासी महिलाओं पर हमला कर उन्हें निर्वस्त्र किया, उन्होंने राज्य की छवि को धूमिल किया है। हमने इस घटना की निंदा करने के लिए राज्यभर में घाटी और पहाड़ी दोनों ही क्षेत्रों में विरोध का आह्वान किया है। इससे पहले मणिपुर में दो महिलाओं को बिना कपड़ों के घुमाने की घटना को लेकर बीते कल को विरोध प्रदर्शन तेज होने के बीच इस मामले में अरेस्ट चारों आरोपियों को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि थोबल जिले की एक अदालत ने चारों आरोपियों को 31 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है। मणिपुर में लगभग एक हज़ार लोगों की हथियारबंद भीड़ ने कांगपोकपी जिले के एक गांव पर हमला किया और मकानों में लूटपाट की, उनमें आग लगाई, हत्या की और दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया।

इन महिलाओं को नग्न घुमाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरा देश आक्रोशित है और घटना के विरोध में जगह जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस मामले में 21 जून को एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें आदिवासी महिलाओं के अपरहण और उनसे शर्मनाक बर्ताव से पहले हुए जुल्म की दास्तान का उल्लेख है। इस मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद उसके घर को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि वीडियो में वह भी गांव में भीड़ को निर्देश देते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। 

--Advertisement--