_1424652317.png)
Up Kiran, Digital Desk: पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने ही विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पंजाब विजिलेंस ने जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा के घर पर छापा मारा है। आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई की गई है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार रमन अरोड़ा जालंधर नगर निगम के अधिकारियों के माध्यम से निर्दोष लोगों को झूठे नोटिस भेजता था। फिर वह पैसे लेकर उन नोटिसों को रद्द करवा देता था। कुछ दिन पहले अरोड़ा की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले विजिलेंस ब्यूरो ने जालंधर नगर निगम के एटीपी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। विजिलेंस सूत्रों के अनुसार उनसे पूछताछ के बाद रमन अरोड़ा के नोटिस की आड़ में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया। इसके बाद सरकार ने अपने ही विधायक पर कार्रवाई की है।
कुछ दिन पहले सरकार ने रमन अरोड़ा की सुरक्षा हटा ली थी। अरोड़ा ने खुद सुरक्षा हटाए जाने की पुष्टि की थी। सुरक्षा हटाए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चा थी कि सरकार जल्द ही रमन अरोड़ा के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। उस समय रमन अरोड़ा ने कहा था कि मुझे नहीं पता कि सुरक्षा क्यों हटाई गई, मगर मैं आम आदमी पार्टी का ईमानदार नेता हूं। सरकार जो भी निर्णय लेगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा।
बता दें कि फरवरी 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने के करीब 7 महीने बाद सितंबर में विधायक रमन अरोड़ा की दो दुकानदारों के बीच हुए झगड़े को सुलझाने के दौरान डीसीपी नरेश डोगरा से कहासुनी हो गई थी। इस विवाद ने राज्य में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। उस समय एक निजी संस्था के कार्यालय में रमन अरोड़ा के समर्थकों द्वारा डीसीपी रैंक के अधिकारी पर हमला करने का आरोप लगा था। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया।
--Advertisement--