img

झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और BJP नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के विरूद्ध आवाज बुलंद करने के लिए 21 अप्रैल को रांची में होने वाली उलगुलान न्याय महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए इंडिया ने अपनी पूरी शक्ति लगा दी है। रैली की कमान संभाल रही हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने संडे को अपने घर पर महागठबंधन के नेताओं संग चर्चा की।

मीटिंग में रैली में भारी तादाद में लोगों को एकत्रित करने की रणनीति बनाई गई। रैली में कांग्रेस, राजद और आप सहित 28 दलों के प्रमुख नेता BJP और केंद्र के विरुद्ध आवाज बुलंद करेंगे। कल्पना सोरेन महारैली को लेकर जहां कार्यकर्ताओं से मुखातिब हो रही हैं, वहीं उन्होंने गठबंधन के नेताओं के साथ समन्वय बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया है।

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झामुमो महासचिव विनोद पांडेय, भाकपा माले के विधायक सह कोडरमा से उम्मीदवार विनोद कुमारी सिंह और राज्य सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता के साथ अहम बातचीत की। इंडिया के घटक दलों के सभी छोटे बड़े नेताओं को महारैली में आमंत्रित करने की जिम्मेदारी भी कल्पना सोरेन ने ली है।

बता दें कि कल्पना सोरेन के नेतृत्व में संडे को हुई गठबंधन के प्रदेश स्तरीय नेताओं की मीटिंग में महारैली के अलावा लोकसभा इलेक्शन में गठबंधन का साझा प्रचार अभियान चलाने को लेकर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि 21 अप्रैल के बाद लोकसभा इलेक्शन के लिए प्रचार कैंपेन तेज किया जाएगा। कल्पना सोरेन गठबंधन की स्टार प्रचारकों में शुमार की गई हैं।

--Advertisement--