img

Up kiran,Digital Desk : बरेली के निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीति में कदम रखने के संकेत दिए हैं। शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि वह एक विकल्प की तैयारी कर रहे हैं और जल्द ही इसकी जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा।

लोकतंत्र विफल, इसलिए इस्तीफा

अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि लोकतंत्र इस समय विफल होता दिखाई दे रहा है, यही वजह है कि उन्हें पीसीएस से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह अपने व्यक्तिगत संघर्ष के लिए नहीं, बल्कि सामान्य और पिछड़े वर्गों की दुर्गति को लेकर राजनीति में सक्रिय होने जा रहे हैं।

यूजीसी नियम और जनप्रतिनिधियों पर निशाना

अलंकार ने कहा कि यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ देशभर में आग लगी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधि कुछ नहीं बोल रहे। उनका आरोप है कि कई नेता केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव जीतते हैं और हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण के सहारे सत्ता हासिल करते हैं।

उन्होंने नेताओं से अपील की कि वे अपने व्यक्तिगत जनाधार और कुल गौरव को ध्यान में रखते हुए जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाएं।

ब्राह्मण और ओबीसी समुदाय को विकल्प देने की तैयारी

अलंकार ने कहा कि सामान्य वर्ग और ओबीसी समुदाय की वर्तमान दुर्गति को ध्यान में रखते हुए एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच तैयार किया जा रहा है। इस बयान से उनके राजनीति में उतरने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

इस दौरान कांग्रेस के युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी, जिला महामंत्री गौरव त्रिपाठी और कुछ अन्य लोग उनके साथ मौजूद रहे।