Up kiran,Digital Desk : अमेरिका ने शनिवार को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में सैन्य कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेकर अमेरिका ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
अमेरिका अब मादुरो दंपती पर आपराधिक मुकदमा चलाने की तैयारी में है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि की है।
न्यूयॉर्क में दर्ज हुए गंभीर आरोप
अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी के अनुसार, निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में आरोप तय किए गए हैं। मादुरो पर नार्को-आतंकवाद की साजिश, अमेरिका में कोकीन आयात कराने, और मशीनगन व खतरनाक हथियार रखने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मादुरो दंपती को जल्द ही अमेरिकी अदालतों में पेश किया जाएगा, जहां उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा। बोंडी ने इस कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी सैनिकों की सराहना भी की।
मादुरो वैध राष्ट्रपति नहीं: मार्को रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि निकोलस मादुरो वेनेजुएला के वैध राष्ट्रपति नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मादुरो ‘कार्टेल डी लॉस सोलेस’ नामक एक नार्को-आतंकवादी संगठन के प्रमुख हैं, जिसने पूरे देश पर कब्जा कर रखा है।
रूबियो के मुताबिक, मादुरो पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं।
मादुरो पर पहले से दर्ज हैं केस
अमेरिकी न्याय विभाग ने वर्ष 2020 में ही मादुरो पर नार्को-आतंकवाद के आरोप लगाए थे। ट्रंप प्रशासन के पहले कार्यकाल में दायर अभियोगों में दावा किया गया था कि मादुरो और उनके करीबी सहयोगियों ने वेनेजुएला को ड्रग तस्करी और आतंकी गतिविधियों का अड्डा बना दिया।
न्यूयॉर्क में दाखिल एक आरोपपत्र में मादुरो और सत्तारूढ़ दल के नेता दियोसदादो कैबेलो पर कोलंबियाई विद्रोहियों और सैन्य अधिकारियों के साथ मिलकर अमेरिका में कोकीन भेजने की साजिश का आरोप लगाया गया था। उस समय मादुरो सहित कई नेताओं पर कुल 5.5 करोड़ डॉलर का इनाम भी घोषित किया गया था।
सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज
इस बीच वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। खोजी पत्रकार लौरा लूमर ने दावा किया है कि देश की मौजूदा उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाया जा सकता है।
उनके मुताबिक, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद देश में सत्ता का खालीपन पैदा हो गया है। हालांकि, इस दावे की अभी तक वेनेजुएला सरकार या किसी आधिकारिक संस्था ने पुष्टि नहीं की है।
लंबे समय से बढ़ रहा था तनाव
विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई। बीते कई महीनों से अमेरिका कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी के संदेह में जहाजों को निशाना बना रहा था। सितंबर से अब तक अमेरिका ने समुद्र में संदिग्ध ड्रग नावों पर 35 से अधिक हमले किए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबरें आईं।
नवंबर में अमेरिकी विमानवाहक पोत की तैनाती के बाद से ही माना जा रहा था कि वेनेजुएला को लेकर कोई बड़ी कार्रवाई हो सकती है। मादुरो लगातार इन कदमों को उन्हें सत्ता से हटाने की साजिश बताते रहे हैं।




