img

Up kiran,Digital Desk : इस साल की सबसे चर्चित वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज के बाद से ही दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों की नजरों में बनी हुई है। फिल्म की सफलता और दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए सिनेमाघरों ने इसके शो टाइम्स बढ़ाने का फैसला किया है। अब फिल्म के आधी रात और जल्दी सुबह के शो भी उपलब्ध होंगे, जिससे फिल्म देखने के शौकीन और भी आसानी से इसे देख सकेंगे।

देर रात 1:20 बजे तक के शो ऐड

गणतंत्र दिवस के मौके पर ‘बॉर्डर 2’ को एक्सटेंडेड वीकेंड मिला है। इस दौरान बढ़ती डिमांड को देखते हुए कई मल्टीप्लेक्स और स्वतंत्र थिएटर ने देर रात के शो जोड़ दिए हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, मूवीमैक्स ने रात 1:20 बजे से लेकर 3:00 बजे तक के शो ऐड किए हैं। मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित पीवीआर संगम ने रात 1:55 बजे, जबकि भायंदर के एक सिनेमाघर ने सुबह 7:00 बजे शो शुरू करने का निर्णय लिया है।

पहले दिन ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ा

फिल्म को रिलीज के पहले दिन ही भारी रिस्पॉन्स मिला। सैकनिल्क के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने अपने पहले दिन ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 30 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन तक फिल्म ने 21.08 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया। ऐसे आंकड़े देखकर उम्मीद की जा रही है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।

1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित कहानी

‘बॉर्डर 2’ की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और पाकिस्तान के ऑपरेशन चंगेज खान के जवाब में भारत की त्रिपक्षीय कार्रवाई पर आधारित है। फिल्म में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा, अन्या सिंह जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है।