_532746741.png)
Up Kiran, Digital Desk: बिहार के दरभंगा जिले से एक चौंकाने वाली खबर आई है, जहां मधुबनी से भाजपा सांसद अशोक कुमार यादव का बेटा विभूति कुमार यादव घर से लापता हो गया। रविवार सुबह करीब 7 बजे अपने आवास से निकले विभूति यादव का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार के सदस्य और पुलिस प्रशासन दोनों ही परेशान हैं।
मधुबनी के भाजपा सांसद अशोक यादव के बेटे विभूति कुमार यादव लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित अपने घर से रविवार सुबह बाजार जाने के लिए निकले थे, मगर काफी समय तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने लहेरियासराय थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की तलाश, मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही लहेरियासराय थाना की पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विभूति यादव का कोई पता नहीं चल पाया है, मगर उनकी तलाश के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सांसद अशोक कुमार यादव के बेटे विभूति कुमार यादव हाल ही में दिल्ली से अपने घर लौटे थे, जहां वह लॉ की पढ़ाई कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने विभूति यादव के मोबाइल नंबर की ट्रैकिंग शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में भी छानबीन की जा रही है।
परिवार में छाया शोक और चिंता
विभूति यादव के अचानक लापता हो जाने के बाद उनके परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि विभूति एक शांत स्वभाव के लड़के थे और घर से बिना किसी सूचना के निकलने की उनकी आदत नहीं थी। सांसद अशोक कुमार यादव के परिवार को इस घटना से गहरा झटका लगा है और वे पुलिस द्वारा शीघ्र उनके बेटे का पता लगाने की उम्मीद कर रहे हैं।
अशोक यादव की राजनीतिक पृष्ठभूमि
सांसद अशोक कुमार यादव भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के बेटे हैं। अशोक कुमार यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में मधुबनी सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता था। इसके अलावा, उन्होंने फरवरी 2005, अक्टूबर 2005 और 2010 में बिहार विधानसभा के केवटी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में जीत हासिल की थी।
--Advertisement--