Up kiran,Digital Desk : देश की राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे 'एआई इम्पैक्ट समिट' (AI Impact Summit) में सुरक्षा व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी वाले बेहद सुरक्षित क्षेत्र (High Security Zone) से लाखों रुपये के एआई डिवाइस चोरी हो गए। दुनिया को तकनीक की ताकत दिखाने वाले इस मंच पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों, एसपीजी और दिल्ली पुलिस के हाथ-पांव फुला दिए हैं। चोरी की यह घटना ठीक उस वक्त हुई जब पीएम मोदी समिट का उद्घाटन करने पहुंचे थे और चप्पे-चप्पे पर पहरा सख्त था।
सुरक्षाकर्मियों के भरोसे छोड़ा सामान, लौटते ही पैरों तले खिसकी जमीन
बेंगलुरु स्थित एक स्टार्टअप के संस्थापक और सीईओ धनंजय यादव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना न केवल चौंकाने वाली है बल्कि डराने वाली भी है। उनकी कंपनी ने एक्सपो में अपना स्टॉल लगाया था, जहां एआई फिटनेस वियरेबल (AI Wearable) प्रदर्शित किए गए थे। ये डिवाइस इतने आधुनिक हैं कि ये न केवल फिटनेस ट्रैक करते हैं, बल्कि बातचीत रिकॉर्ड करने और मानवीय भावनाओं (Emotion Analysis) का विश्लेषण करने में भी सक्षम हैं। धनंजय के मुताबिक, वीआईपी मूवमेंट के चलते सुरक्षाकर्मियों ने एरिया खाली करने को कहा। जब उन्होंने अपना कीमती सामान साथ ले जाने की बात कही, तो सुरक्षा अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि "आप लैपटॉप और डिवाइस यहीं छोड़ दें, हम ध्यान रखेंगे।" लेकिन जब वे वापस लौटे, तो स्टॉल से एआई वियरेबल गायब थे।
तिलक मार्ग थाने में FIR, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
देश के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले भारत मंडपम में हुई इस चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पीड़ित की शिकायत पर नई दिल्ली जिले के तिलक मार्ग थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस उपायुक्त (DCP) देवेश कुमार महला ने पुष्टि की है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों को वेरीफाई किया जा रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि जिस जगह परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वहां चोरों ने इतनी आसानी से हाथ कैसे साफ कर दिया?
'डिजिटल इंडिया' के शो में इंटरनेट गुल, यूपीआई फेल
सिर्फ चोरी ही नहीं, एआई समिट में अव्यवस्थाओं का आलम भी देखने को मिला। विडंबना देखिए कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक के इस महाकुंभ में इंटरनेट कनेक्टिविटी ही दम तोड़ गई। आगंतुकों को यूपीआई (UPI) से पेमेंट करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। भारत मंडपम के बाहर लंबी-लंबी कतारें, धक्का-मुक्की और अस्पष्ट साइनेज (Signage) ने लोगों के सबर का बांध तोड़ दिया। वीआईपी प्रोटोकॉल के नाम पर आम लोगों को इधर-उधर भगाया गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
केन्द्रीय मंत्री को मांगनी पड़ी माफी
पहले ही दिन मचे इस बवाल और अव्यवस्था को देखते हुए केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को सामने आना पड़ा। उन्होंने समिट में आए लोगों को हुई असुविधा के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने भारी भीड़ को 'असाधारण उत्साह' बताते हुए वादा किया कि आने वाले दिनों में व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा और लोगों को सुगम अनुभव मिलेगा। फिलहाल, पुलिस हाई सिक्योरिटी जोन में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।




