_1647769480.jpg)
Up Kiran, Digital Desk: बिहार की राजनीति में शनिवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। नवादा से राजद विधायक विभा देवी और रजौली के विधायक प्रकाशवीर ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दोनों ने अपना त्यागपत्र विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को सौंपा। विभा देवी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपनी मर्जी से सदस्यता छोड़ रही हैं, इसलिए उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाए। वहीं, प्रकाशवीर ने अपने पत्र में 11 अक्टूबर 2025 से इस्तीफा प्रभावी करने की बात कही।
विभा देवी, जो बिहार के पूर्व मंत्री और नवादा के जाने-माने नेता राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं, 2020 में राजद के टिकट पर विधायक बनी थीं। राजबल्लभ यादव 2015 में राजद से विधायक चुने गए थे, लेकिन पोक्सो केस में दोषी पाए जाने के बाद उनकी सदस्यता खत्म हो गई थी। प्रकाशवीर भी दो बार रजौली से राजद के विधायक रह चुके हैं और लंबे समय तक राजबल्लभ यादव के करीबी सहयोगी रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि दोनों विधायक लोकसभा चुनाव 2024 से ही राजद से नाराज थे। उस वक्त उन्होंने खुले तौर पर पार्टी के बागी उम्मीदवार विनोद यादव (जो विभा देवी के देवर भी हैं) का समर्थन किया था। इतना ही नहीं, गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में दोनों की मौजूदगी ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया था।
माना जा रहा है कि अब ये दोनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले, राजबल्लभ यादव के भतीजे अशोक यादव भी जदयू में जा चुके हैं। लगभग तीस साल तक राजबल्लभ यादव परिवार का लालू प्रसाद यादव से गहरा नाता रहा, लेकिन अब ये रिश्ता टूटता नजर आ रहा है। इस इस्तीफे के साथ ही राजद को एक बड़ा झटका लगा है।