img

Up kiran,Digital Desk : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग को भरोसा देने वाला है। उन्होंने इसे गरीबों को सहारा, युवाओं को अवसर और महिलाओं को सम्मान व ताकत देने वाला बजट बताया। सीएम के मुताबिक, यह बजट न सिर्फ अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि विकास की एक स्पष्ट दिशा भी दिखाता है।

दिल्ली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि दिल्ली को इस बार 1348 करोड़ रुपये का आवंटन मिला है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग राजधानी के इंफ्रास्ट्रक्चर, जल आपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर विकास कार्यों को और गति देंगी।

बढ़ा पूंजीगत खर्च, रोजगार के नए अवसर

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूंजीगत खर्च को 11.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। इसका सीधा मतलब है ज्यादा सड़कें, ज्यादा परियोजनाएं और अधिक रोजगार के अवसर। उन्होंने कहा कि इस बढ़े हुए खर्च का लाभ दिल्ली जैसे बड़े महानगरों को भी मिलेगा।

दिल्ली पुलिस का खर्च केंद्र उठाती है

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली पुलिस का पूरा खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है। वर्ष 2026 के लिए इसके लिए 12,503 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पुलिसकर्मियों का वेतन, थाने, वाहन, तकनीकी संसाधन और सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और गरीबों से जुड़ी योजनाओं पर अधिक खर्च करने का अवसर मिलता है।

बजट को बताया समावेशी और दूरदर्शी

सीएम ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के लिए अवसर लेकर आया है। गरीबों को राहत, युवाओं को रोजगार के मौके और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में यह बजट अहम साबित होगा। उन्होंने वित्त मंत्री द्वारा बताए गए ‘तीन कर्तव्यों’ की भी सराहना की और कहा कि यह बजट भारत की प्रगति को नए आयाम देने वाला है।