img

दलबीर गोल्डी एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दलबीर गोल्डी को पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने पार्टी में शामिल किया है। इस दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद थे। आपको बता दें कि गोल्डी कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।

गोल्डी इस बात से कांग्रेस से थे नाराज

गौरतलब है कि पंजाब में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संगरूर सीट से पार्टी विधायक सुखपाल सिंह खैरा को टिकट दिया था और तब से दलबीर गोल्डी पार्टी से नाराज चल रहे थे। वह स्वयं संगरूर सीट से कांग्रेस टिकट के प्रबल दावेदार थे। वह करीब तीन महीने से पूरे संगरूर संसदीय क्षेत्र में तैयारी कर रहे थे, लेकिन जैसे ही कांग्रेस ने खैरा को टिकट दिया, गोल्डी नाराज हो गए। इतना ही नहीं, आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी।

कौन है दलबीर गोल्डी

दलबीर सिंह गोल्डी छात्र राजनीति से उभरे हैं। दलबीर ने 2006-07 में पंजाब विश्वविद्यालय छात्र परिषद का चुनाव जीता और अध्यक्ष बने। उन्होंने पीजीडीसीए तक पढ़ाई की है। दलबीर गोल्डी का राजनीतिक जीवन विश्वविद्यालय की राजनीति से शुरू हुआ। इसके बाद गोल्डी युवा कांग्रेस में शामिल हो गए।

2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उन्हें धुरी सीट से मैदान में उतारा था। गोल्डी ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 2,838 मतों से हराया। इसके बाद 2022 के चुनाव में कांग्रेस ने फिर से गोल्डी को धूरी हलके से प्रत्याशी बनाया, लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़े अंतर से हराया।