img

dehradun news: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक प्रेम प्रसंग का अंत दहेज की मांग और धोखाधड़ी के आरोपों के साथ हुआ। एक युवती ने आरोप लगाया है कि वर्षों तक प्रेम संबंध में रहने के बाद युवक ने शादी से ठीक पहले दहेज की मांग की और जब परिवार इस मांग को पूरा नहीं कर सका, तो रिश्ता तोड़ दिया गया। मामले में आरोपी युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है, जबकि उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज मांगने की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

प्रेम से धोखे तक की कहानी

बसंत विहार थाना पुलिस के मुताबिक, ऊधमसिंहनगर की रहने वाली पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जब वह देहरादून में पढ़ाई कर रही थी, तब उसकी मुलाकात विकास कुमार (निवासी नयापुल, वेदराम कॉलोनी, फरीदाबाद) से हुई। विकास ने पढ़ाई के दौरान उसकी मदद की और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। युवती के मुताबिक, विकास ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए।

इसके बाद दोनों के परिवारों की सहमति से नौ जून 2024 को सगाई कर दी गई। मगर ये रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला।

दहेज नहीं मिला तो तोड़ दिया रिश्ता

पीड़िता का आरोप है कि सगाई के बाद विकास के परिवार ने पांच तोला सोना, चार लाख रुपये नकद और घरेलू सामान की मांग की। युवती के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे इतनी बड़ी रकम और गहने दे सकें। जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो बीते दिसंबर में विकास के परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया।

आरोप है कि विकास के माता-पिता—पिता सुभाष चंद्र और माता ने फोन पर स्पष्ट रूप से दहेज न मिलने की बात कहकर शादी से इंकार कर दिया। जब पीड़िता के परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो पता चला कि विकास का रिश्ता कहीं और तय कर दिया गया है।

महिला आयोग और पुलिस तक पहुंचा मामला

धोखा खाने के बाद पीड़िता ने महिला आयोग और पुलिस से मदद मांगी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी विकास कुमार के विरुद्ध रेप का मामला दर्ज किया, जबकि उसके माता-पिता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की धाराओं में केस दर्ज किया गया।

बसंत विहार थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट किया जा सकता है।