img

Up kiran,Digital Desk : ग्लोबल आइकन और बॉलीवुड की 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा जोनस ने एक बार फिर हॉलीवुड में अपना डंका बजा दिया है। अपनी मच अवेटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'द ब्लफ' (The Bluff) के वर्ल्ड प्रीमियर के मौके पर प्रियंका जब रेड कार्पेट पर उतरीं, तो सारी निगाहें उन पर ही थम गईं। 17 फरवरी की शाम लॉस एंजिल्स में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रियंका अपने पति और अमेरिकी पॉप स्टार निक जोनस के साथ बेहद स्टाइलिश अंदाज में नजर आईं। दोनों की सिजलिंग केमिस्ट्री ने इवेंट में चार चांद लगा दिए।

रेड कार्पेट पर निक-प्रियंका का 'किस' हुआ वायरल

प्रीमियर की रात जितनी चर्चा फिल्म की रही, उतनी ही सुर्खियां प्रियंका और निक की जोड़ी ने बटोरीं। सोशल मीडिया पर इस पावर कपल की तस्वीरें और वीडियो जंगल में आग की तरह वायरल हो रहे हैं। निक जोनस हमेशा की तरह डैपर लुक में पत्नी का सपोर्ट करते नजर आए, वहीं प्रियंका का ग्लैमरस अवतार देखते ही बन रहा था। एक वायरल वीडियो में प्रियंका, निक को प्यार से किस (Kiss) करती हुई दिखाई दे रही हैं, जिसने फैंस का दिल जीत लिया है। रेड कार्पेट पर दोनों एक-दूसरे के आंखों में खोए नजर आए, जो यह बताने के लिए काफी था कि उनका इश्क परवान पर है।

स्टारकास्ट का जमावड़ा और निर्देशक का विजन

'द ब्लफ' के प्रीमियर में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट ने शिरकत की। प्रियंका और निक के अलावा फिल्म के अन्य मुख्य कलाकार कार्ल अर्बन और इस्माइल क्रूज कॉर्डोवा भी रेड कार्पेट पर पोज देते नजर आए। फिल्म के निर्देशक फ्रैंक ई. फ्लावर्स ने अपनी टीम के साथ मीडिया के सामने तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान पूरी टीम के चेहरे पर फिल्म को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। प्रियंका ने को-स्टार्स के साथ भी जमकर मस्ती की और पैपराजी को पोज दिए।

25 फरवरी को ओटीटी पर मचेगा धमाल

अगर आप प्रियंका चोपड़ा को एक्शन अवतार में देखने के लिए बेताब हैं, तो अब इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। 'द ब्लफ' आगामी 25 फरवरी, 2026 को मशहूर ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। यह फिल्म 19वीं सदी की कैरेबियन पृष्ठभूमि पर आधारित एक पीरियड ड्रामा है। इसमें प्रियंका चोपड़ा एक पूर्व महिला समुद्री डाकू (Ex-Pirate) की भूमिका निभा रही हैं, जो अपने परिवार को अपने काले अतीत के साये से बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। एक्शन और इमोशन से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को एक रोमांचक सफर पर ले जाएगी।