_1743897519.png)
Up Kiran, Digital Desk: चार धाम यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टरों की आपातकालीन लैंडिंग और दुर्घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि के बीच उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राज्य में हेलीकॉप्टर सेवाओं के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। ये कदम खासकर केदारनाथ के निकट हाल ही में हुई एक दुखद हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद उठाया गया है, जिसमें सात लोगों की जान चली गई।
चारधाम मार्ग पर हेली सेवाएँ अस्थायी रूप से प्रतिबंधित
इस दुर्घटना के मद्देनजर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UKADA) ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के साथ मिलकर चारधाम क्षेत्र में हेलीकॉप्टर परिचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। यह निर्णय बढ़ती घटनाओं और सुरक्षा चिंताओं के परिणाम स्वरूप लिया गया है। प्रतिबंध तब तक प्रभावी रहेगा जब तक सुरक्षा प्रोटोकॉल की गहन समीक्षा पूरी नहीं हो जाती और आगे के निर्देश जारी नहीं हो जाते।
सीएम धामी ने दिए सख्त SOP के आदेश
CM धामी ने घोषणा की कि प्रदेश में हेली सेवाओं के संचालन के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जाएगी। इस एसओपी में उड़ान से पूर्व हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूरी जांच और मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य किया जाएगा।
CM ने मुख्य सचिव को तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने के भी निर्देश दिए हैं। यह समिति हेली संचालन के सभी तकनीकी एवं सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा कर एसओपी तैयार करेगी। CM का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हेली सेवाओं का संचालन पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
--Advertisement--