img

Up Kiran, Digital Desk: देश में हाल ही में लोकसभा चुनाव संपन्न हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों के मन में बार-बार यह सवाल उठता रहता है कि क्या नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री बन पाएंगे। हालांकि इस सवाल का जवाब देना इतना आसान नहीं है, लेकिन हर मुद्दे पर बेबाकी से राय रखने वाले चर्चित यूपीएससी कोच और अब आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता अवध ओझा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अवध ओझा ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल दोनों के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं पर अपनी राय रखी।

राहुल गांधी को लेकर क्या बोले अवध ओझा

जब अवध ओझा से पूछा गया कि क्या राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री बन सकते हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए इसका जवाब दिया। उन्होंने रामचरितमानस की एक मशहूर पंक्ति सुनाई “होइहि सोइ जो राम रचि राखा। (वही होगा जो भगवान राम ने रचा है)” इसके बाद ओझा जोर से हंस पड़े।

केजरीवाल के बारे में क्या कहा

वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर अवध ओझा ने कहा कि अगर केजरीवाल देश के पीएम बने तो देश के लिए यह काफी अच्छा होगा। ओझा के मुताबिक, केजरीवाल का फोकस शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर है और उनके प्रधानमंत्री बनने से इन क्षेत्रों में क्रांतिकारी सुधार संभव हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह यह बात सिर्फ आम आदमी पार्टी का नेता होने के नाते नहीं कह रहे हैं।

इसके साथ ही अवध ओझा ने जापान और चीन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इन देशों की सबसे बड़ी ताकत उनकी आबादी थी और उन्होंने अपने मानव संसाधन का बेहतर उपयोग कर मुश्किल हालात से बाहर निकला। ओझा ने कहा कि चीन और जापान ने अपनी शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत कर आगे बढ़ने की राह बनाई और केजरीवाल भी इसी दिशा में काम कर रहे हैं।

--Advertisement--