img

Up Kiran, Digital Desk: बीकानेर में एक अलग ही माहौल देखने को मिला जब राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के परिवार से मिलने पहुंचीं। संवेदना प्रकट करते हुए राजे ने डूडी की इंसानियत, फिटनेस और व्यवहारिकता की दिल खोलकर तारीफ की।

"विपक्ष में थे, लेकिन कभी मन में कड़वाहट नहीं आई"
वसुंधरा राजे ने कहा कि डूडी हमेशा अपने विचारों को मजबूती से रखते थे, खासकर जब वो नेता प्रतिपक्ष थे। हर बजट सत्र में मेरे बयान पर वह तीखी प्रतिक्रिया देते, पर कभी व्यक्तिगत नाराजगी नहीं हुई। दोनों के बीच सम्मान और संवाद की भावना हमेशा बनी रही।

फिटनेस फ्रीक थे डूडी, सबको देते थे हेल्थ टिप्स
राजे ने एक निजी किस्सा साझा करते हुए बताया कि डूडी से मिलने पर हमेशा सेहत पर चर्चा होती थी। वो बताते कि वो रोज कितना दौड़ते हैं, क्या खाते हैं, और किस तरह व्यायाम करते हैं। वह दूसरों को भी फिट रहने के लिए प्रेरित करते थे।

राजनीति से परे जाकर दी श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी, बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास और खाजूवाला के विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के साथ डूडी के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने डूडी की पत्नी, विधायक सुशीला डूडी से मुलाकात कर सांत्वना दी।