img

Up Kiran, Digital Desk: स्पेसएक्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने एक पॉडकास्ट में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी मौजूदा पार्टनर शिवोन जिलिस आधी भारतीय हैं। जी हां, मस्क ने साफ-साफ कहा कि शिवोन की जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं, हालांकि उनकी परवरिश पूरी तरह कनाडा में हुई।

यह बात मस्क ने जेरोधा को-फाउंडर निखिल कामत के पॉडकास्ट में कही। इस दौरान उन्होंने भारतीयों की खूब तारीफ भी की। मस्क का कहना था कि भारत से आने वाले लोग अमेरिका को बहुत फायदा पहुंचा रहे हैं। उनकी यह टिप्पणी ऐसे वक्त में आई जब अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर बहस जोरों पर है और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सख्त नियम लाने की बात कर रहे हैं।

मस्क ने आगे बताया कि शिवोन को छोटी उम्र में ही गोद ले लिया गया था। इसलिए वह कभी भारत नहीं रही। उन्होंने हंसते हुए कहा, “मुझे ठीक से याद नहीं, शायद उनके पिता भारत से पढ़ाई करने आए थे। लेकिन शिवोन पूरी तरह कनाडा में बड़ी हुई हैं।” खास बात यह है कि हमारे एक बेटे का मिडिल नेम शेखर रखा है, जो चंद्रशेखर के नाम पर है।”

कौन हैं शिवोन जिलिस?

शिवोन जिलिस का जन्म 1986 में कनाडा के ओंटारियो में हुआ था। उनके पास कनाडाई के साथ-साथ अमेरिकी नागरिकता भी है। पढ़ाई उन्होंने मशहूर येल यूनिवर्सिटी से की, जहां से उन्होंने इकोनॉमिक्स और फिलॉसफी में डिग्री ली। साल 2008 में वह येल से ग्रेजुएट हुईं।

करियर की शुरुआत उन्होंने आईबीएम से की। उसके बाद ब्लूमबर्ग बीटा जॉइन किया, जहां स्टार्टअप और पार्टनरशिप पर काम किया। टोरंटो यूनिवर्सिटी की क्रिएटिव डिस्ट्रक्शन लैब में भी उन्होंने फैलो के तौर पर काम किया। साल 2015 में फोर्ब्स ने उन्हें 30 अंडर 30 की लिस्ट में जगह दी थी।

2016 में शिवोन ओपनएआई से जुड़ीं और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सबसे कम उम्र की मेंबर बनीं। मार्च 2023 में उन्होंने वह पद छोड़ दिया। इसी ओपनएआई में उनकी मुलाकात एलन मस्क से हुई थी। उसके बाद वह मस्क की कई कंपनियों में साथ काम करने लगीं, जिनमें न्यूरालिंक और टेस्ला शामिल हैं।

फिलहाल शिवोन न्यूरालिंक में ऑपरेशन्स और स्पेशल प्रोजेक्ट्स की डायरेक्टर हैं। साल 2023 में वह शील्ड एआई के बोर्ड में भी शामिल हुईं।

मस्क और शिवोन के चार बच्चे हैं। जुड़वा बेटे स्ट्राइडर और एज्योर, एक बेटी अर्काडिया और सबसे छोटा बेटा सेल्डन लाइकर्गस। इनमें से एक बच्चे का मिडिल नेम शेखर है, जो भारतीय कनेक्शन को और मजबूत करता है।