img

Up Kiran, Digital Desk: पंजाब में मुक्तसर-कोटकपूरा मार्ग पर कल देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) के एक प्रमुख नेता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल नेता को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह दुर्घटना मंगलवार रात लगभग आठ बजे गांव उदेकरन के पास हुई जब एक महिंद्रा पिकअप और पंजाब रोडवेज की बस में ज़ोरदार टक्कर हो गई।

मृतक की पहचान हरजीत सिंह ढिल्लों के तौर पर हुई है। वह कोटकपूरा के रहने वाले थे और यूनियन की कोटकपूरा इकाई के प्रधान का पद संभाल रहे थे। इस दुर्घटना में घायल हुए दूसरे किसान नेता बलवंत सिंह हैं। बलवंत सिंह भी कोटकपूरा के ही निवासी हैं और गांव नंगल फरीदकोट के प्रधान हैं।

बाढ़ राहत कार्य से लौट रहे थे किसान नेता

शुरुआती जानकारी के मुताबिक हरजीत सिंह और बलवंत सिंह फाजिल्का में बाढ़ प्रभावित इलाकों से गेहूं का बीज बांटकर वापस अपने घर कोटकपूरा लौट रहे थे। इसी दौरान यह दुखद हादसा हुआ।

भारतीय किसान यूनियन उगराहां की सिद्धूपुरा इकाई के नेता जीवन सिंह ने बताया कि उदेकरन उनका ही गांव है। हादसे की खबर मिलते ही वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि हरजीत सिंह की मौत मौके पर ही हो चुकी थी जबकि बलवंत सिंह घायल थे जिन्हें उन्होंने फौरन अस्पताल पहुंचाया।