img

कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी तो तेलंगाना की महिलाएं मुफ्त में बस में घूमेंगी। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने आवाम से यह बड़ी गारंटी दी थी। अब शासन में आते ही सीएम रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का किया वादा पूरा कर दिया है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने महिलाओं को बड़ा तोहफा देने की घोषणा की है। महिलाएं टी एसआरटीसी की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इससे डेढ़ करोड़ से ज्यादा महिलाओं को फायदा होगा। इसकी जानकारी कांग्रेस ने एक पोस्ट करके दी है।

कांग्रेस ने लिखा कि तेलंगाना में कांग्रेस की बड़ी घोषणा, महिलाओं के लिए शुरू हुई मुफ्त बस यात्रा। हम जो कहते हैं कर दिखाते हैं।

बता दें कि कांग्रेस सरकार ने गुरुवार को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 9 दिसंबर को कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी के जन्मदिन के मौके पर महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और राजीव आरोग्य स्वास्थ्य योजना को शुरू करने का निर्णय़ लिया था।

इससे पहले कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने महिलाओं के लिए निःशुल्क बस सेवा लागू की थी। कर्नाटक में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भी राहुल गांधी अलग अंदाज में नजर आए थे। बस की सवारी और महिलाओं से भी बात की थी और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्नाटक की महिलाओं को मुफ्त बस का तोहफा दिया और अब उसी तर्ज पर तेलंगाना में भी रेवंत रेड्डी ने निःशुल्क बस की सेवा शुरू कर दी है। 

--Advertisement--