पश्चिमी मीडिया पर बोले विदेश मंत्री - उन्हें लगता है कि वे भी हमारे चुनाव में राजनीतिक खिलाड़ी

img

नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पश्चिमी मीडिया की सख्त आलोचना की है। जयशंकर ने कहा कि पश्चिमी मीडिया हमारे लोकतंत्र की आलोचना करती है। तरह तरह के सवाल उठाती है। उसे लगता है कि वो भी हमारे चुनाव में राजनीतिक खिलाड़ी हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि दरअसल, हमारी राजनीति वैश्विक हो रही है। इसलिए वैश्विक राजनीति को लगता है कि अब भारत में घुसपैठ करनी चाहिए। जयशंकर मंगलवार को हैदराबाद में राष्ट्रवादी विचारकों के एक मंच को संबोधित कर रहे थे।

विदेश मंत्री ने कहा कि मैंने पश्चिमी मीडिया भारतीय लोकतंत्र की आलोचना करती है। ऐसा जानकारी के अभाव में नहीं बल्कि उन्हें लगता है कि वो भी हमारे चुनाव में राजनीतिक खिलाड़ी भी हैं। जयशंकर ने कहा कि भारत में हो रहे चुनाव पर पश्चिमी मीडिया ओछी टिप्पणियां कर रहा है। पश्चिमी मीडिया हमारे साथ खेल कर रहा है।

जयशंकर ने कहा कि पश्चिमी मीडिया भारत की चुनाव प्रणाली, ईवीएम, चुनाव आयोग और यहां तक कि मौसम पर भी सवाल उठाएंगे। विदेश मंत्री ने कहा कि बीजेपी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने जा रही है। आज हम एक अहम मोड़ पर हैं। सरकार दूरगामी सोच के साथ हर निर्णय ले रही है। यह विश्वास की अभिव्यक्ति है, जो हमने पिछले 10 वर्षों में देश की जनता को दिया है।

इस दौरान विदेश मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दुनिया में भारत मजबूत हुआ है। आज भारत अगले 25 वर्षों के लिए प्लान बना रहा है। अब दुनिया भारत की उपेक्षा नहीं कर सकती है। जयशंकर ने कहा कि यही वजह है कि जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता के दौरान दुनिया के तमाम देश भारत से जुड़ना चाहते थे। 

Related News