img

Up kiran,Digital Desk : टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कोई तकनीकी खराबी नहीं बल्कि एक को-पायलट की गंभीर लापरवाही है। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को हवाई अड्डे पर चेकिंग के दौरान एक भारतीय को-पायलट के बैग से कथित तौर पर गांजा (Marijuana) बरामद हुआ। इस घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने पायलट को 'अयोग्य' करार देते हुए तुरंत भारत डिपोर्ट कर दिया।

क्या है पूरा मामला? एयरपोर्ट पर ऐसे पकड़ी गई चोरी

जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का यह को-पायलट 14 अप्रैल को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ्लाइट में 'पोजिशनिंग' क्रू के तौर पर यात्रा कर रहा था। एविएशन की भाषा में इसका मतलब है कि वह ड्यूटी पैसेंजर बनकर वहां जा रहा था, ताकि सैन फ्रांसिस्को से भारत आने वाली वापसी फ्लाइट को बतौर पायलट ऑपरेट कर सके। सैन फ्रांसिस्को पहुंचते ही जब सुरक्षा जांच (Customs & Security) हुई, तो उसके बैग में प्रतिबंधित नशीला पदार्थ 'गांजा' पाया गया।

अमेरिका ने नहीं दी एंट्री, अगली फ्लाइट से भेजा भारत

बैग में गांजा मिलते ही अमेरिकी अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। पायलट को हवाई अड्डे से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई और उसका वीजा नियमों के उल्लंघन के तहत उसे अवांछित घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना तुरंत एयर इंडिया मुख्यालय और भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) को दी गई। इसके बाद तय हुआ कि पायलट को अगली उपलब्ध फ्लाइट से वापस दिल्ली भेजा जाएगा। पायलट गुरुवार को दिल्ली वापस पहुंच चुका है।

एयर इंडिया का सख्त रुख: 'जीरो टॉलरेंस' की नीति

इस मामले पर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, "हमारा एक क्रू मेंबर स्थानीय कानूनों के अनुसार प्रवेश के लिए 'अयोग्य' पाया गया और उसे वापस भारत भेज दिया गया है। एयर इंडिया किसी भी प्रकार के कानून उल्लंघन के प्रति 'जीरो-टॉलरेंस' की नीति अपनाती है। सुरक्षा, अनुपालन और पेशेवर आचरण हमारे लिए सर्वोपरि हैं। इस मामले में निर्धारित नीतियों के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"

सेवन नहीं, केवल बरामदगी का है आरोप

सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पायलट ने गांजा का सेवन नहीं किया था, लेकिन प्रतिबंधित पदार्थ का पास में होना ही अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत बड़ा अपराध है। भारत में गांजा पूरी तरह गैरकानूनी है, जबकि अमेरिका के कुछ राज्यों में इसके नियम अलग हैं, लेकिन इंटरनेशनल क्रू के लिए नियम बेहद सख्त हैं। फिलहाल एयर इंडिया ने पायलट को ड्यूटी से हटा दिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।