
यूपी किरण डेस्क। इस समय लहसुन के भाव बढ़े हुए हैं। लखनऊ और दिल्ली से लेकर पूरे देश में लहसुन चार से पांच सौ रूपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है। अधिक क़ीमतों के चलते तमाम लोगों ने लहसुन खाना ही छोड़ दिया है। लेकिन मध्य प्रदेश में लहसुन के बढ़े हुए भाव से लहसुन उत्पादक किसानों में खुशी की लहर है। इसी के साथ किसानों को खेतों में लगभग तैयार हो चुके लहसुन की हिफाजत की भी चिंता सता रही है, क्योंकि मंहगा होने के चलते लहसुन की चोरी खूब हो रही है।
लहसुन की फसल को बचाने के लिए किसान तरह तरह के उपाय का रहे हैं। उज्जैन समेत मालवा के तमाम किसानों ने खेतों में लहसुन की फसल को चोरों से बचाने के लिए अपने खेतों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। कुछ किसान बंदूक लेकर रात रात भर फसल की निगरानी कर रहे हैं। इसी तरह छिंदवाड़ा में भी किसानों ने खेत में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। किसानों का कहना है कि फसल खेत से आ जाने के बाद कैमरे खेतों से हटा लिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इस वक्त पूरे भारत में लहसुन चार से पांच सौ रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है। पडोसी देश नेपाल में भारत के मुकाबले लहसुन की कीमत दोगुना है। अधिक कीमत के चलते इस साल लहसुन की खेती किसानों के लिए फायदे का सौदा साबित हो रही है। किसानों के मुताबिक़ एक एकड़ में कम से कम पांच लाख रूपये की आमदनी हो रही है।