
badrinath avalanche: उत्तराखंड के माणा गांव के करीब हुए विनाशकारी हिमस्खलन में एक लोडर चालक ने अपनी सूझबूझ से 31 मजदूरों की जान बचा ली। बर्फ का भारी बवंडर आया, मगर लोडर चालक लड्डू कुमार पंडित ने सभी को सही सलामत बाहर निकालकर देवदूत बनने का काम किया।
दुर्घटना सवेरे लगभग 7 बजे हुई। 23 मजदूरों का एक दल एक टिन शेड में रह रहा था। कुछ लोग शौचालय गए थे, कुछ अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक भयंकर हिमस्खलन हुआ।
लोडर चालक लड्डू कुमार पंडित भी उस समय वहीं थे। उन्होंने बताया कि हम सब अचानक बर्फ के अंदर दब गए। मैं किसी तरह बाहर निकला और सबसे पहले लोडर को स्टार्ट किया। तब तक बाकी लोग भी किसी तरह खुद को बर्फ से निकाल चुके थे।
इसके बाद लड्डू ने मजदूरों को लोडर में बैठाया और सुरक्षित स्थान की ओर निकल पड़े। रास्ते में आठ और लोग उनके साथ आ गए, जिससे कुल 31 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाबी मिली। अगर हम कुछ मिनट भी देर करते, तो शायद सभी बर्फ के नीचे दब जाते। बचे हुए मजदूरों ने कहा कि अगर लड्डू कुमार पंडित की सूझबूझ और लोडर न होता, तो वे इस भयंकर आपदा में फंस सकते थे।