img

middle east crisis: इजरायल और ईरान के मध्य तनाव और संघर्ष बढ़ता जा रहा है। हाल ही में हिजबुल्लाह ने इजरायली ठिकानों पर अपने सातवें हमले की जानकारी दी है, जिसमें हाइफा के दक्षिण में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया। इस हमले में मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया, और ये सुबह 6 बजे (03:00 GMT) हुआ। हिजबुल्लाह ने बताया कि उसने लेबनान सरहद के नजदीक इजरायली सैनिकों पर तोपखाने के गोले भी दागे और रामिया साइट की ओर एक टारगेटेड मिसाइल भेजी।

इसके साथ ही, युद्ध की इस स्थिति में साइबर हमलों का भी आगाज़ हो गया है। ईरानी सरकार की न्यायपालिका, विधायिका और कार्यकारी शाखा पर भारी साइबर हमले किए गए हैं। ईरान के साइबरस्पेस की सर्वोच्च परिषद के पूर्व सचिव फ़िरोज़ाबादी ने बताया कि उनकी संवेदनशील जानकारी चुराई गई है। हालांकि, इजरायल ने इस साइबर हमले की पुष्टि नहीं की है और न ही यह स्पष्ट किया है कि ये हमले कब हुए।

फिरोजाबादी ने ये भी कहा कि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों, ईंधन वितरण, नगरपालिका नेटवर्क, परिवहन नेटवर्क, और बंदरगाहों पर साइबर हमले किए गए हैं। इस प्रकार, ये स्पष्ट है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष अब केवल भौतिक हमलों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि तकनीकी युद्ध का भी रूप ले चुका है।

--Advertisement--