
gold smuggler ranya rao: मशहूर कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री रान्या राव का नाम हाल ही में एक बड़े सोना तस्करी मामले में सामने आया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने उसे दुबई से बड़ी मात्रा में सोने की तस्करी करने की कोशिश करते हुए पकड़ा।
कहा जाता है कि रान्या पहले भी कई बार तस्करी में शामिल रही थी। मगर इस बार एजेंसी के पास ठोस जानकारी थी। डीआरआई की इस कार्रवाई से सोने की तस्करी में शामिल कई अन्य नामों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच एजेंसियों का कहना है कि इस रैकेट में शामिल और लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। अभिनेत्री ने 2014 में कन्नड़ फिल्म 'माणिक्य' से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में 'वागाह' और 'पटकी' जैसी फिल्मों में काम किया, मगर अचानक इंडस्ट्री से गायब हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रान्या ने दुबई में अपना नया घर बनवाया और वहां रहने के लिए पहचान पत्र भी हासिल कर लिया। फिल्मों से गायब होने के बाद उन्होंने अवैध गतिविधियां शुरू कर दीं।
ऐसा कहा जाता है कि उसने भारत और दुबई के बीच सोने की कीमतों में अंतर का फायदा उठाने के लिए एक सोना तस्कर गिरोह से हाथ मिला लिया और तस्करी शुरू कर दी। भारत में सोने की कीमत दुबई से कहीं अधिक है। तस्कर बिना सीमा शुल्क चुकाए भारत में सोना लाकर भारी मुनाफा कमाते हैं।
डीआरआई सूत्रों के अनुसार रान्या राव एक बार में करीब 15 किलो सोना लाती थी, जिससे उसे करीब 50 लाख रुपये का सीधा मुनाफा होता था। अभिनेत्री ने पिछले कुछ महीनों में ऐसा कई बार किया है।
इल्जाम है कि उसने हवाई अड्डे के सुरक्षा नियमों से बचने के लिए अपने पिता की प्रतिष्ठा का इस्तेमाल किया, मगर इस बार डीआरआई ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद रान्या ने खुद को बचाने के लिए कई बड़े नेताओं और मंत्रियों की सहायता ली, मगर डीआरआई के पास पुख्ता सबूत थे। इसलिए उसे अरेस्ट कर लिया गया है।