_452026169.png)
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। थाना सैफनी क्षेत्र में एक मूक-बधिर नाबालिग मासूम के साथ दरिंदगी की गंदी वारदात को अंजाम दिया गया है। इस घटना के प्रकाश में आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ये शर्मनाक घटना थाना सैफनी क्षेत्र के अंतर्गत हुई। बताया जा रहा है कि पीड़िता देर शाम अपने घर से निकली थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह कहीं नहीं मिली। रात भर परिवार वाले उसे ढूंढते रहे। इसके बाद सुबह वह बदहवास हालत में एक खेत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी बोल और सुन नहीं सकती है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज प्राप्त हुए, जिसमें दान सिंह नामक एक युवक पीड़िता को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने तीन विशेष टीमों का गठन किया और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने आरोपी दान सिंह को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।