
आईपीएल 2025 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट के चलते इस सीजन से बाहर हो गए हैं। गायकवाड़ की कोहनी में हेयरलाइन फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है, जिसके चलते वह अब आईपीएल 2025 में आगे नहीं खेल पाएंगे। इसको लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी है।
टीम मैनेजमेंट ने ऋतुराज की अनुपस्थिति में एक बार फिर अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को टीम की कमान सौंप दी है। धोनी की अगुवाई में सीएसके ने अब तक पांच बार आईपीएल खिताब पर कब्जा जमाया है, जिसमें 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 शामिल हैं। इससे पहले 2022 में भी जब रवींद्र जडेजा को कप्तानी दी गई थी, तो बीच सीजन में उन्होंने पद छोड़ दिया था और धोनी को दोबारा कप्तान बनाया गया था। इसके बाद 2024 सीजन में गायकवाड़ को टीम की कप्तानी सौंपी गई थी।
गायकवाड़ ने इस सीजन में चेन्नई के लिए अब तक पांच मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने दो अर्धशतक लगाए। हालांकि, तीन मैचों में वे कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 53 रन की पारी खेली थी, जो इस सीजन उनकी सबसे बेहतरीन पारी रही।
चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन में अभी तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। टीम ने पांच में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है, जबकि चार में हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल सीएसके अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। टीम को अब तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स से हार मिली है।
धोनी की कप्तानी में सीएसके किस तरह से वापसी करती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।