img

केशव प्रसाद मौर्य से 7 कालिदास, लखनऊ में तीनों सेना के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और ग्रामीण विकास यात्रा का अध्ययन करने के लिए 'नेशनल डिफेंस कॉलेज' (NDC), रक्षा मंत्रालय का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के दौरे पर है। "राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक अध्ययन" (National Security and Strategic Studies) विषय पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे इस दल में भारत सहित मित्र देशों के वरिष्ठ सैन्य व नागरिक अधिकारी शामिल हुए।

प्रतिनिधिमंडल का स्वरूप: दल में ब्रिगेडियर स्तर के सैन्य अधिकारी, भारत सरकार के संयुक्त सचिव/निदेशक स्तर के वरिष्ठ सिविल सेवा अधिकारी और श्रीलंका, रूस, नेपाल, इंडोनेशिया एवं यू.के. जैसे मित्र देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल हैं।

चर्चा के मुख्य विषय: बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री जी के साथ राज्य के ग्रामीण विकास पहलुओं, औद्योगिक प्रगति और उत्तर प्रदेश के बदलते बुनियादी ढांचे (Infrastructure) पर विस्तृत चर्चा की गई।

राज्यव्यापी भ्रमण: यह दल दिनांक 20 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न जनपदों यथा— लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज एवं वाराणसी (काशी) के महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य जी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुरक्षा, सुशासन और विकास के संतुलन के साथ प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

श्री मौर्य ने बताया कि प्रदेश में सड़क, पुल, ग्रामीण संपर्क मार्ग, औद्योगिक गलियारों तथा निवेश प्रोत्साहन की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे राज्य की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है। साथ ही ग्राम्य विकास विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के अधिकारियों ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों—लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज तथा वाराणसी—के भ्रमण के दौरान राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था, औद्योगिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योजनाओं का अध्ययन करने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों से उन्हें महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हो रहा है।