_1644340173.png)
Up Kiran, Digital Desk: असली घटनाओं से प्रेरित कहानियों का क्रेज कभी खत्म नहीं होता। खासकर जब बात हो कुख्यात अपराधियों की, तो दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ जाती है। इसी कड़ी में अब नेटफ्लिक्स एक नई फिल्म ‘इंस्पेक्टर ज़ेंडे’ लेकर आ रहा है, जो चार्ल्स शोभराज और इंस्पेक्टर मधुकर ज़ेंडे के बीच चली रियल-लाइफ जंग पर आधारित है।
इस फिल्म में अभिनेता जिम सर्भ को शोभराज की भूमिका में देखा जाएगा, जबकि मनोज बाजपेयी इंस्पेक्टर ज़ेंडे के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मंडलेकर ने किया है और इसका निर्माण जय शेवक्रमणी और ओम राउत ने किया है।
चार्ल्स शोभराज की कहानी क्यों है लोगों के लिए दिलचस्प?
चार्ल्स शोभराज का नाम 70 के दशक के उस दौर में सामने आया, जब दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में कई विदेशी सैलानियों की रहस्यमयी हत्याएं हुईं। भारत समेत थाईलैंड और नेपाल जैसे देशों में वह एक कुख्यात चेहरा बन गया। उसे ‘बिकिनी किलर’ और ‘द सर्प’ जैसे नामों से भी जाना जाता है।
शोभराज अक्सर विदेशी महिलाओं को निशाना बनाता था, जो गर्मियों की छुट्टियों में ट्रैवल कर रही होती थीं। वह पहले दोस्ती करता, फिर नशीली चीज़ें खिलाकर उन्हें मार डालता और उनका सामान चुरा लेता।
कई बार पर्दे पर उतारी गई है यह कहानी
चार्ल्स शोभराज की जिंदगी पहले भी कई बार पर्दे पर दिखाई जा चुकी है। आइए नज़र डालते हैं उन फिल्मों और सीरीज़ पर जिन्होंने इस अपराध कथा को दर्शकों के सामने पेश किया:
1. द सर्प (The Serpent)
2021 में रिलीज़ हुई इस वेब सीरीज़ में ताहर रहीम ने चार्ल्स का किरदार निभाया था। यह शो बीबीसी और नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है और इसे दर्शकों से खूब सराहना मिली। सीरीज़ में चार्ल्स के भागने की रणनीतियां, झूठे नामों का इस्तेमाल और पुलिस के साथ चालाकी से बच निकलने की घटनाएं प्रमुख रूप से दिखाई गईं।
2. मैं और चार्ल्स
इस बॉलीवुड फिल्म में रणदीप हुड्डा ने चार्ल्स शोभराज की भूमिका निभाई थी। फिल्म उनके जेल से भागने की असल कहानी से प्रेरित थी। इसे भी दर्शकों और समीक्षकों ने खूब पसंद किया था। अब यह फिल्म अमेज़न प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
3. ब्लैक वारंट
नेटफ्लिक्स की इस सीरीज़ में तिहाड़ जेल के भीतर के किस्से दिखाए गए थे। इसमें चार्ल्स शोभराज की जेल लाइफ और उसकी चालाकियों को भी शामिल किया गया था।