img

Up Kiran, Digital Desk: जमा देने वाली ठंड से बिहार में अगले 5 दिन और कठिन रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर तक राज्य में जबरदस्त ठंड की संभावना जताई है। इस दौरान पटना, गयाजी, मोतिहारी, पूर्णिया, किशनगंज तक कोल्ड वेव और घना कोहरा के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में दक्षिण बिहार के जिलों में अधिक ठंडक महसूस हुई। नालंदा जिले के राजगीर में सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को 11 शहरों में घना कोहरा और शीत दिवस (कोल्ड डे) के लिए ऑरेंज अलर्ट है। इनमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गोपालगंज, सीवान, सारण (छपरा), वैशाली (हाजीपुर), समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जिले शामिल हैं। इस दौरान पटना, भोजपुर (आरा), बक्सर, रोहतास (सासाराम), कैमूर (भभुआ), औरंगाबाद, अरवल, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, नवादा और बेगूसराय जिलों में भी कोहरा और ठंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

24 दिसंबर से ठंड में बढ़ोतरी, 3 दिन रहेंगे भारी

मौसम विशेषज्ञ पटना के अनुसार, राज्य में 24 दिसंबर से ठंड का असर तेज होगा। 24 से 26 दिसंबर तक तीन दिन लोगों को काफी मुश्किलें हो सकती हैं। इस दौरान पूरे राज्य में कोल्ड डे की स्थिति बनेगी। मौसम महकमे ने अगले बुधवार से शुक्रवार तक चंपारण, मिथिला, सारण, पटना, शाहाबाद और मगध क्षेत्र में घने कोहरे और कोल्ड डे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार में येलो अलर्ट रहेगा। 27 दिसंबर से ठंड में राहत मिलने की संभावना है।