img

Up Kiran, Digital Desk: प्रेम कहानियां अक्सर फिल्मों में खुशी से खत्म होती हैं लेकिन जंगल रसूलपुर गांव में एक प्रेम कहानी खून से लिखी गई। सिर्फ बीस साल की नवविवाहिता की लाश बाथरूम में मिली। गला रेता हुआ। पास में खून से सना हंसिया। और हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका पुराना आशिक ही निकला।

छह महीने की दुल्हन, मायके में ही मौत

लड़की की शादी अभी छह महीने पहले देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में हुई थी। 21 नवंबर को वह चचेरी बहन की शादी में मायके आई थी। गांव में तीन तीन शादियां थीं। घर में कोई नहीं था। मौका देखकर उसका पुराना प्रेमी विनय निषाद उर्फ दीपक घर में घुस आया।

पुलिस ने मंगलवार को विनय को पकड़ लिया। पूछताछ में जो कुछ उसने बताया उससे रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

पहले प्यार जताया, फिर हंसिया चला दी

विनय ने पुलिस को बताया कि रात करीब दस बजे वह लड़की को घर ले आया। दोनों बागीचे में टहलते रहे। बातें करते रहे। लड़की ने कहा कि अब वह ससुराल नहीं जाएगी। विनय से शादी करेगी और उसके साथ रहेगी। विनय ने बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी।

फिर रात करीब दो बजे की बात है। विनय ने उसके माथे पर प्यार से चुंबन लिया। गले लगाया। और अगले ही पल जेब से हंसिया निकालकर धीरे से गला रेत दिया। लड़की तड़पी। बचने की कोशिश में हंसिया पकड़ लिया। छुड़ाते वक्त दोनों की उंगलियां तक कट गईं।

विनय ने बताया कि जब तक वह पूरी तरह मर नहीं गई मैं लाश के पास बैठा रहा। फिर चुपचाप निकल गया।

खोजी कुत्ता और मोबाइल लोकेशन ने पकड़ा

घटना 23 नवंबर की रात की है। सुबह लाश मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र प्रसाद की टीम मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ता तीन बार सीधे विनय के घर के बाहर जाकर रुका। कुछ लोगों ने बताया कि विनय और लड़की की पहले बातचीत होती थी।

पुलिस ने सीडीआर खंगाला। दोनों के बीच लंबी बातचीत के रिकॉर्ड मिले। मोबाइल लोकेशन से पता चला कि हत्या के बाद विनय पैदल ही पंद्रह किलोमीटर दूर चौरीचौरा स्टेशन गया और काशी एक्सप्रेस में बैठकर वाराणसी भाग निकला था। वहां से उसे धर दबोचा गया।

दोनों तरफ के दावे अलग

लड़की का परिवार रो रोकर बुरा हाल है। वे कहते हैं कि विनय शादी के बाद भी पीछे पड़ा था। धमकी देता था। लड़की डरती थी। दूसरी तरफ विनय का कहना है कि लड़की ही उससे शादी के लिए दबाव बना रही थी और वह परेशान हो गया था।

हत्यारा बनने से पहले था पुलिस की तैयारी करने वाला

विनय के घर में चार बहनें हैं। तीन की शादी हो चुकी है। पिता हिमाचल में अचार बेचते हैं। खुद विनय पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। गांव वाले बताते हैं कि वह शांत स्वभाव का लगता था। किसी को शक तक नहीं हुआ कि वह इतना खतरनाक कदम उठा सकता है।