
MSY: दिल्ली सरकार 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान योजना शुरू कर सकती है। कुछ महिलाओं के खातों में उसी दिन धनराशि स्थानांतरित भी की जा सकती है। भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में इस योजना के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था।
सूत्रों के मुताबिक, 8 मार्च से इस योजना के लिए महिलाओं का पंजीकरण शुरू होने के साथ ही कुछ महिलाओं को यह राशि जारी भी की जा सकती है। हालाँकि, दिल्ली सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दिल्ली सरकार 8 मार्च को इस योजना को लेकर दिल्ली में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इस दौरान भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी मौजूद रह सकता है। इस कार्यक्रम में विभिन्न विधानसभाओं की महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा।
दिल्ली में सत्ता में आने के बाद भाजपा ने महिला सम्मान योजना को समय पर पूरा करने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने इस संबंध में वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक भी की है। इस बैठक में योजना की पात्रता एवं शर्तों पर चर्चा की गई। अफसरों को उस आधार पर प्रस्ताव बनाने को कहा गया।
इसके साथ ही उन अन्य राज्यों का भी अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं जहां ऐसी योजनाएं पहले से चल रही हैं। CM रेखा गुप्ता कई मौकों पर कह चुकी हैं कि पिछली सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति खराब कर दी है, मगर हम अपने किए वादे पूरे करेंगे।