
Rajasthan BJP: राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कमान एक बार फिर राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को सौंप दी गई है। सात महीने में दूसरी बार उन्हें प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणा की गई।
इस दौरान वसुंधरा राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए "एकजुट, नो गुट, एक मुख" का नारा दिया।
ऐसे बनी राठौड़ की दावेदारी मजबूत?
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया हुई थी, जिसमें मदन राठौड़ के अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं भरा। ऐसे में पहले से ही यह तय हो गया था कि राठौड़ ही दोबारा इस पद पर काबिज होंगे।
भाजपा चुनाव प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राठौड़ के नाम की घोषणा की। साथ ही, प्रदेश से 25 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन किया गया, जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हिस्सा लेंगे। बता दें कि मदन राठौड़ के दोबारा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बनने से पार्टी के अंदर एकता और मजबूती का संदेश दिया गया है।