Up Kiran, Digital Desk: एंजेल चकमा हत्या मामले में मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए मुश्किल बन गई है। हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार वह भारत-नेपाल बॉर्डर के पहाड़ी इलाके में छिपा हुआ है। इस स्थान की भौगोलिक और मौसमीय स्थितियों ने पुलिस की तलाश में बड़ी रुकावटें डाल दी हैं। बर्फबारी और ठंड के कारण पुलिस की खोज अभियान फिलहाल स्थगित करना पड़ा है।
गर्मियों में जांच में होगी तेज़ी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस केस में मुख्य आरोपी ने घटना के बाद से किसी से भी संपर्क नहीं किया है, न ही उसने अपना फोन खोला है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यज्ञ राज का इस समय अपने परिवार या मित्रों से भी कोई संपर्क नहीं है। इस कारण पुलिस को उसके ठिकाने का कोई सटीक सुराग नहीं मिल पा रहा है।
पुलिस की निरंतर कोशिशें, लेकिन मौसम का असर
गौरतलब है कि एंजेल चकमा की हत्या के बाद से दून पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें से पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं, और एक फरार आरोपी, यज्ञ राज, अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने इसे पकड़ने के लिए बॉर्डर क्षेत्र में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाए हैं, लेकिन भारी बर्फबारी और विपरीत मौसम के कारण इन प्रयासों में कोई खास सफलता नहीं मिल सकी है।
नेपाल पुलिस के साथ बातचीत जारी
दून पुलिस अब नेपाल प्रशासन से संपर्क साधने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, सर्च ऑपरेशन को फिर से तेज किया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने कहा कि जब तक कोई नया सुराग नहीं मिलता, तब तक सभी प्रयासों को ठंडे बस्ते में डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।




