img

कांगो से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है जहां एक नाव में आग लगने के बाद वह पलट गई और अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसा कांगो नदी में हुआ और इसमें सैकड़ों यात्री लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा इतना भयावह था कि कई यात्री आग से झुलस गए, जबकि बहुत से लोग नाव पलटने के बाद नदी में डूब गए।

रेड क्रॉस और प्रशासन की टीमें कर रहीं तलाश

बचाव कार्य लगातार जारी है। रेड क्रॉस और स्थानीय प्रशासन के राहतकर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं और लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। अधिकारी कोम्पीटेंट लोयोको ने समाचार एजेंसी 'एसोसिएटेड प्रेस' को जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब मोटर चालित लकड़ी की नाव, जिसमें करीब 400 यात्री सवार थे, मबंडाका शहर के पास से गुजर रही थी।

नाव पर आग कैसे लगी?

अधिकारियों के अनुसार, नाव पर एक महिला खाना बना रही थी। इसी दौरान आग भड़क गई और पूरे नाव में फैल गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जान बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। लेकिन उनमें से बहुत से लोग तैरना नहीं जानते थे, जिससे डूबने से कई लोगों की मौत हो गई।

बचाए गए यात्रियों को पहुंचाया गया आश्रय केंद्र

लोयोको ने बताया कि 'एचबी कोंगोलो' नाम की यह नाव मतानकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र की ओर जा रही थी। हादसे के बाद लगभग 100 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और मबंडाका टाउन हॉल में बनाए गए अस्थायी आश्रय केंद्र में पहुंचाया गया है। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

देशभर में शोक की लहर

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे कांगो में शोक की लहर दौड़ गई है। सरकार और राहत एजेंसियों की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। नाव दुर्घटनाएं अफ्रीकी देशों में आम बात होती जा रही हैं, खासकर तब जब नावों में क्षमता से ज्यादा यात्रियों को चढ़ा लिया जाता है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते।