img

Up Kiran, Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। ट्रंप ने इस फैसले को एक "बड़ी जीत" बताया और कहा कि यह यूक्रेन में चल रहे युद्ध को रोकने में मददगार हो सकता है।

ट्रंप ने साफ किया कि मोदी ने कहा है यह बदलाव तुरंत नहीं होगा, लेकिन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द पूरी हो जाएगी।

पुतिन को ट्रंप का संदेश: 'हत्या बंद करो'

व्हाइट हाउस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका सिर्फ एक मकसद है – रूस और यूक्रेन के बीच हो रही हिंसा को रोकना। उन्होंने पुतिन से अपील की कि वे "हत्या बंद करें" और शांति की ओर कदम बढ़ाएं। ट्रंप ने ज़ोर देकर कहा कि अगर भारत रूसी तेल नहीं खरीदेगा तो रूस की आर्थिक ताकत कमजोर होगी और इससे युद्ध खत्म करना आसान हो जाएगा।

मोदी को बताया 'महान व्यक्ति', भारत को कहा 'अविश्वसनीय देश'

ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें "महान व्यक्ति" और भारत को "अविश्वसनीय देश" कहा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके कई दोस्त भारत में रहते हैं और यह देश उनके दिल के बेहद करीब है।

भारत की सफाई: 'हम लेंगे अपने राष्ट्रीय हितों के फैसले'

भारत सरकार ने कई बार स्पष्ट किया है कि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी विकल्प खुले रखेगी। भारत ने तर्क दिया है कि रूस से तेल खरीदना उसके लिए आर्थिक रूप से जरूरी है, और वह अपनी रणनीति देशहित में ही तय करेगा।

फरवरी 2022 से यूक्रेन में युद्ध जारी है, और तभी से अमेरिका व पश्चिमी देश भारत पर दबाव बना रहे हैं कि वह रूस से तेल खरीदना बंद करे। ट्रंप भी इस पर लगातार आलोचना करते रहे हैं।