
IPL 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए ये सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा था। हार का सिलसिला और लगातार दबाव ने फैंस को भी सोच में डाल दिया था। मगर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए इस रोमांचक मुकाबले ने सब कुछ बदल दिया। ये मैच एक वक्त पर मुंबई के हाथ से फिसलता नजर आ रहा था, मगर डगआउट में बैठे-बैठे रोहित शर्मा ने ऐसा मास्टरस्ट्रोक खेला। इसने न सिर्फ मैच का रुख पलटा, बल्कि मुंबई को एक शानदार जीत भी दिलाई। तो आइए जानते हैं कि आखिर कैसे हिटमैन ने इस हारे हुए मैच को जीत की राह पर ला खड़ा किया।
रोहित का दिमाग और मुंबई की जीत
मैच का वो पल जब दिल्ली कैपिटल्स की पारी मजबूती से आगे बढ़ रही थी। ट्रिस्टन स्टब्स और केएल राहुल क्रीज पर थे और मुंबई के गेंदबाजों को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था। तभी डगआउट में बैठे रोहित शर्मा ने कुछ ऐसा देखा, जो शायद मैदान पर मौजूद किसी और की नजरों से छूट गया था।
उन्होंने तुरंत बॉलिंग चेंज करने और स्पिनर को लाने का सुझाव दिया। ये सुझाव सुनते ही कोचिंग स्टाफ में मौजूद महेला जयवर्धने और पारस म्हामब्रे ने सहमति जताई। इशारे में कप्तान हार्दिक पांड्या को मैसेज गया और फिर जो हुआ वो इतिहास बन गया।
कर्ण शर्मा को गेंद थमाई गई। और क्या खूब थमाई! कर्ण ने आते ही अपनी फिरकी का जादू दिखाया। पहले ट्रिस्टन स्टब्स को चलता किया, फिर केएल राहुल का कीमती विकेट झटका। इन दो झटकों ने दिल्ली की कमर तोड़ दी। मुंबई इंडियंस की वापसी हो चुकी थी और ये सब रोहित के उस एक सुझाव की वजह से। कर्ण ने इस मैच में कुल 3 विकेट चटकाए और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। मगर असली हीरो तो डगआउट में बैठा वो शख्स था, जिसने सही वक्त पर सही फैसला लिया।