img

Up Kiran, Digital Desk: मध्य प्रदेश के खंडवा ज़िले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। आदिवासी अंचल के खालवा थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और उसके साथ इतनी बर्बरता हुई कि उसकी मौत हो गई। यह घटना न सिर्फ प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि दिल्ली के निर्भया कांड की भयावह यादें भी ताज़ा कर देती है।

दरिंदगी की हदें पार

घटना रोशनी चौकी पुलिस क्षेत्र की है। 45 वर्षीय महिला जो दो बच्चों की मां थी लहूलुहान हालत में पड़ोस के घर में अर्धनग्न अवस्था में मिली। बेटी जब माँ को देखने पहुंची तो वह सदमे में आ गई। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई मगर महिला की मौत हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था और उसकी बच्चादानी शरीर से बाहर निकल आई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ बलात्कार के दौरान लकड़ी या लोहे की रॉड से हमला किया गया।

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा दोनों हैं महिला के परिचित

पुलिस ने गांव के ही दो लोगों—हरि पालवी और सुनील धुर्वे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित महिला के परिचित बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार महिला बेहोशी की हालत में हरि पालवी के घर पर पड़ी मिली थी।

जब थोड़ी देर बाद उसे होश आया तो उसने खुद पर हुए जघन्य अपराध की जानकारी दी। मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। महिला ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम खंडवा जिला अस्पताल के फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में किया जा रहा है।

राजनीतिक पारा भी चढ़ा कांग्रेस का सरकार पर हमला

इस वीभत्स घटना ने राजनीतिक हलकों में भी उबाल ला दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि खंडवा में एक महिला की गैंगरेप के बाद मौत हो गई है! बताया जा रहा है दरिंदों ने निजी अंग में सरिया या लकड़ी जैसा कुछ डाला जिससे बच्चादानी बाहर आ गई। बर्बरता ने आदिम युग को भी पीछे छोड़ दिया है। यह दुस्साहस तभी संभव है जब प्रदेश में कानून का डर समाप्त हो चुका हो!

 

--Advertisement--