img

Up kiran,Digital Desk : साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे T20 मैच से पहले भारतीय टीम में एक बड़ी बहस छिड़ गई है। और इस बहस का सेंटर हैं टीम के उप-कप्तान, शुभमन गिल। सवाल यह है कि क्या लगातार मौके मिलने के बावजूद रन न बना पाने वाले गिल को अब प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठा देना चाहिए? भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ को तो यही लगता है।

कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बिना किसी लाग-लपेट के साफ-साफ कह दिया है कि अब गिल को ब्रेक देने का और उनकी जगह संजू सैमसन को मौका देने का सही समय आ गया है।

"उप-कप्तान हो तो क्या हुआ?"

कैफ का मानना है कि गिल ने T20 में आक्रामक खेलने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो हर बार नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा, "गिल ने सब कुछ ट्राई कर लिया है, पर रन नहीं बन रहे। मुझे लगता है कि अब दबाव इतना बढ़ गया है कि बदलाव करना ही होगा।"

उन्होंने टीम मैनेजमेंट के दोहरे रवैये पर भी सवाल उठाए। कैफ ने कहा कि सिर्फ उप-कप्तान होने से किसी की जगह टीम में पक्की नहीं हो जाती। पहले भी उप-कप्तानों को खराब फॉर्म की वजह से बाहर किया गया है। अगर टीम के भले के लिए गिल को आराम देना जरूरी है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

'संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को कब तक बाहर बिठाओगे?'

कैफ ने खुलकर संजू सैमसन की पैरवी की। उन्होंने कहा, "संजू एक टॉप क्लास खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें कभी उतने मौके मिले ही नहीं जितने मिलने चाहिए थे। ये कैसा नियम है कि यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी को आप बाहर कर देते हो, लेकिन कुछ खिलाड़ियों को सेट करने के लिए लंबे समय तक मौके देते रहते हो।"

उन्होंने याद दिलाया कि संजू ने जब भी ओपनिंग की है, रन बनाए हैं, फिर भी उन्हें लगातार बेंच पर ही बैठना पड़ रहा है।

साफ है, मोहम्मद कैफ की बातों ने उस आग को हवा दे दी है जो काफी समय से सुलग रही थी। अब देखना यह है कि क्या तीसरे T20 में टीम मैनेजमेंट यह कड़ा फैसला लेता है, या फिर शुभमन गिल को एक और मौका दिया जाता है।