img

Up Kiran, Digital Desk: गुरुवार को ओडिशा में मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेजी से राज्य की ओर बढ़ रहा है। इस वजह से कई जिलों में मूसलधार बारिश हो रही है और तूफान के टकराने की संभावना जताई जा रही है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सात जिलों के लिए रेड अलर्ट, 16 के लिए ऑरेंज अलर्ट और बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

रेड अलर्ट में ये ज़िले, जानिए कहां सबसे ज़्यादा खतरा

पुरी, गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट, कालाहांडी और कंधमाल जिलों में अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके अलावा, इन इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का भी खतरा है।

वहीं, मलकानगिरी, नबरंगपुर, बोलनगीर, सोनपुर, बौध, अंगुल, नयागढ़ समेत 16 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है।

शेष सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां शुक्रवार सुबह तक 7-11 सेंटीमीटर तक बारिश की संभावना जताई गई है।

तेज़ हवाओं और लहरों से खतरे की घंटी

IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी पर बना यह गहरा दबाव 13 किमी/घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह ये गोपालपुर से 160 किमी दूर और पुरी से करीब 200 किमी दूर था।

तूफान के असर से समुद्री हवाएं 55-65 किमी/घंटा की गति से चलेंगी और कुछ जगहों पर ये 75 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। इसके चलते सभी बंदरगाहों पर चेतावनी संकेत संख्या III जारी किया गया है।

सरकार अलर्ट पर, मछुआरों को चेतावनी

ओडिशा सरकार ने संवेदनशील ज़िलों में आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात कर दी हैं। मछुआरों को 3 अक्टूबर तक समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

गजपति ज़िले से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे साफ है कि हालात और बिगड़ सकते हैं।