img

Up kiran,Digital Desk : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता को भावुक संदेश देते हुए बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। सोमवार को बैरकपुर में अपनी चुनावी यात्रा की आखिरी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि अब वे 4 मई के बाद ही बंगाल की धरती पर कदम रखेंगे, और वह मौका भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

'जनता का मूड बता रहा है, 4 मई को होगा बदलाव'

प्रधानमंत्री ने बैरकपुर से भाजपा उम्मीदवार कौस्तव बागची के पक्ष में हुंकार भरते हुए कहा, "इस चुनाव में बंगाल में यह मेरी आखिरी रैली है। मैंने राज्य के हर कोने में लोगों का जो उत्साह और मूड देखा है, उससे मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं। मैं इस भरोसे के साथ लौट रहा हूं कि अब मेरी अगली मुलाकात आपसे शपथ ग्रहण समारोह में ही होगी।" पीएम मोदी के इस बयान ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।

आध्यात्मिक यात्रा और बंगाल से गहरा नाता

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी काफी भावुक नजर आए। उन्होंने बंगाल के साथ अपने पुराने और निजी रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा, "मेरी निजी जिंदगी और आध्यात्मिक यात्रा में बंगाल का बहुत बड़ा योगदान रहा है। शक्ति के प्रति मेरी जो अटूट आस्था है, उसका केंद्र यही बंगाल की पुण्य भूमि है। यहां की महान विभूतियों से मैंने प्रेरणा ली है और यहां के लोगों ने मुझे जो असीम प्यार दिया है, उसे मैं कभी नहीं भूल सकता।"

'रात भर बैठ कर पढ़ता हूं आपके संदेश और पत्र'

पीएम मोदी ने रैलियों और रोड शो के दौरान मिलने वाले जनता के पत्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "जब मैं दिनभर की थकान के बाद रात को बैठता हूं, तो आप लोगों द्वारा दिए गए संदेशों और चिट्ठियों को जरूर पढ़ता हूं। कई पत्र मुझे भावुक कर देते हैं। मैं आपके दर्द को समझता हूं और यह भी जानता हूं कि आपने मुझ पर कितनी बड़ी जिम्मेदारी और उम्मीदें रखी हैं।"

'4 दशकों से बस चल रहा हूं, आप ही मेरा परिवार हैं'

अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपना घर छोड़ने के बाद से कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने कहा, “पिछले 3-4 दशकों से मैं देश के हर कोने की यात्रा कर रहा हूं। मैंने कभी मौसम या दिन-रात की परवाह नहीं की। अपना घर छोड़ने के बाद अगर मैंने कहीं आराम और शांति पाई है, तो वह बस आप लोगों के बीच ही है। देश की जनता ही मेरा परिवार है।”